Comments Off on 25 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में एक्टिव केस कम हो रहे; पीएम मोदी बोले- हमें पूरी दुनिया तक वैक्सीन पहुंचानी है; अब तक 74.40 लाख केस 2

25 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में एक्टिव केस कम हो रहे; पीएम मोदी बोले- हमें पूरी दुनिया तक वैक्सीन पहुंचानी है; अब तक 74.40 लाख केस

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार

देश में अब तक 1.13 लाख लोगों की हो चुकी है मौत, 7.95 लाख मरीजों का चल रहा इलाज
ठीक होने वालों का आंकड़ा 65.30 लाख पहुंचा, टेस्टिंग का आंकड़ा 9.3 करोड़ से ज्यादा हुआ
देश में अभी तेजी से एक्टिव केस की संख्या कम हो रही है। 25 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में एक्टिव केस घट रहे हैं, जबकि 10 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं जहां अभी भी एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। इनमें अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
हालांकि, इन राज्यों में भी केस बढ़ने की रफ्तार पहले की अपेक्षा काफी कम है। आंकड़ों पर नजर डालें तो मौजूदा समय कुल एक्टिव केस का 78.45% हिस्सा और अब तक जान गंवाने वाले 75.93% मरीज देश के 10 राज्यों से हैं।
इस बीच, देश में कोरोना मरीजों की संख्या 74 लाख 40 हजार 630 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 65 लाख 30 हजार 75 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7 लाख 95 हजार 299 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 13 हजार 62 मरीजों की मौत हो चुकी है। टेस्टिंग का आंकड़ा 9.3 करोड़ से अधिक हो चुका है।
पूरी दुनिया तक वैक्सीन पहुंचाने के प्रयास करने होंगे- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोरोनावायरस की स्थिति और वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूशन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, ”अभी बांग्लादेश, अफगानिस्तान, भूटान, मालदीव, मॉरिशस, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों से वैक्सीन के ट्रायल के लिए समझौते हुए हैं। लेकिन, हमें केवल यहीं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सभी को मिलकर ऐसा प्रयास करना होगा कि वैक्सीन आने पर पूरी दुनिया को इसका फायदा मिल सके।”
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, देश में अभी 3 तरह के वैक्सीन पर काम चल रहा है। इसमें एक वैक्सीन का ट्रायल एडवांस स्तर पर है, जबकि दो अन्य के फेज-2 में है। आईसीएमआर के वैज्ञानिकों के हाल ही में शोध से पता चला है कि वायरस जेनेटिकली स्टेबल है और इसमें कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हो रहा है।
कोरोना अपडेट्स
महाराष्ट्र सरकार ने दशहरा से जिम और फिटनेस सेंटर को फिर से खोलने की मंजूरी दे दी है। मार्च से ही कोरोना संकट को देखते हुए इसे बंद कर दिया गया था।
जम्मू कश्मीर सरकार ने राज्य में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए शनिवार को 238 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दे दी। इससे राज्य के अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी।
भारत में रूसी वैक्सीन स्पुतनिक वी के दूसरे और तीसरे चरण के क्लीनिकल ट्रायल की मंजूरी मिल गई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने ट्रायल की इजाजत दे दी है। ट्रायल से देश में बड़े पैमाने पर वैक्सीन के असर पता लगाया जा सकेगा। 16 सितंबर को रशियन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड और डॉ. रेड्‌डी के बीच भारत में स्पुतनिक वी के ट्रायल और डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर सहमति बनी थी।
देश में कोरोना के आंकड़े लगातार राहत देने वाले आ रहे हैं। शुक्रवार को 62 हजार 104 केस आए तो 70 हजार 386 मरीज ठीक हो गए। 839 की मौत हुई। एक्टिव केस घटकर आठ लाख से नीचे आ गए हैं। नौ राज्य और चार केंद्र शासित प्रदेशों में 90% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं, जो नेशनल एवरेज 87.8% से ज्यादा है। बाकी राज्यों में भी यह आंकड़ा 80% के आसपास या उससे ऊपर है।
शनिवार से मुंबई में 7 महीने बाद फिर से मेट्रो ट्रेन शुरू हुई। मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सभी मेट्रो ट्रेनों और स्टेशंस को पूरी तरह सैनिटाइज कराया गया।
तमिलनाडु में शनिवार को संक्रमण के 4295 नए मामले सामने आए और 57 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 6 लाख 83 हजार 486 हो गई है। अब तक 10 हजार 586 लोग यहां जान गंवा चुके हैं।
मिजोरम में शनिवार को संक्रमण का कोई नया मामला नहीं सामने आया। जबकि पहले से बीमार चल रहे 4 मरीज ठीक हो गए और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 1352 लोग संक्रमित पाए गए और 1556 लोग ठीक होकर अपने घर गए। 25 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 57 हजार 936 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें 13 हजार 928 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 41 हजार 273 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2735 मरीजों की मौत हो चुकी है। टेस्टिंग का आंकड़ा भी बढ़कर 25.3 लाख हो गया है।
2. राजस्थान
शुक्रवार को राज्य में 2010 नए मामले सामने आए। 2201 लोग रिकवर हुए और 15 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 69 हजार 289 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 हजार 381 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 46 हजार 185 लोग ठीक हो चुके हैं। 1723 लोग कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं।
3. बिहार
राज्य में शुक्रवार को 1062 मरीज मिले, 1454 लोग रिकवर हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 1 हजार 887 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 हजार 649 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि1 लाख 90 हजार 256 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 981 मरीजों की मौत हो चुकी है।
4. महाराष्ट्र
राज्य में शुक्रवार को 11 हजार 447 नए केस मिले और 13 हजार 885 लोग रिकवर हो गए। 306 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 79.9 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 15 लाख 76 हजार 62 लोग संक्रमित मिले। इन संक्रमितों में 13 लाख 44 हजार 368 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 89 हजार 715 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण से 41 हजार 502 लोग जान गंवा चुके हैं।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 1.7 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 2552 लोग संक्रमित पाए गए। 3538 लोग रिकवर हुए और 46 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 49 हजार 935 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 4 लाख 8 हजार 83 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6589 मरीजों की मौत हो चुकी है। अब तक 1.3 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।

Back to Top

Search