Comments Off on शाह का भाजपा अध्यक्ष के रूप में यह पहला तीन साल 1

शाह का भाजपा अध्यक्ष के रूप में यह पहला तीन साल

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, दिल्ली, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें

अमित शाह सर्वसम्मति से रविवार को भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन में सभी नामांकन केवल उनके नाम के ही थे। भाजपा संसदीय दल की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह व अन्य प्रमुख मंत्रियों ने उनके नाम का प्रस्ताव किया। जबकि 20 राज्यों से आए 16 प्रस्तावों में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य प्रमुख नेता शामिल रहे। फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ चंडीगढ़ के कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण प्रधानमंत्री मोदी समारोह में शामिल नहीं हो सके। पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी व डा. मुरली मनोहर जोशी अध्यक्ष के निर्वाचन से दूर रहे।शाह का भाजपा अध्यक्ष के रूप में यह पहला तीन साल का पूर्ण कार्यकाल होगा। अभी वे पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह के शेष कार्यकाल को पूरा कर रहे थे।
शाह के निर्वाचन की प्रक्रिया लगभग सवा दो घंटे चली। रविवार सुबह 11 बजे शाह व पार्टी के तमाम बड़े नेताओं का पार्टी मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया था। मुख्य चुनाव अधिकारी अविनाश राय खन्ना के सामने शाह के नामांकन का पहला प्रस्ताव सवा बारह बजे भाजपा संसदीय दल की तरफ से राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू व नितिन गडकरी ने सौंपा। इसके प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुषमा स्वराज, मनोहर पर्रिकर, थावरचंद गहलोत, स्मृति ईरानी, अनंत कुमार, जे पी नड्डा, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, राधामोहन सिंह समेत कई मंत्री शामिल थे। विदेश यात्रा से लौटने के बाद थकान की वजह से वित्त मंत्री अरुण जेटली कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
राज्यों की तरफ से दाखिल किए गए नामांकन के समय विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, वसुंधरा राजे, रमन सिंह, देवेंद्र फडणवीस, लक्ष्मीकांत परसेकर भी मौजूद रहे। चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री के साथ होने के कारण हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर नहीं आ सके। गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल व झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास भी मौजूद रहे। चूंकि इन राज्यों में संगठन चुनाव नहीं हुए हैं, इसलिए वे शाह का नामांकन दाखिल नहीं कर सके।
नामांकनों की जांच के बाद दोपहर सवा बजे खन्ना ने निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपकर शाह को अध्यक्ष घोषित किया। शंख ध्वनि के साथ का स्वागत किया गया। इसके बाद शाह को बधाई देने वालों का तांता लग गया जो एक घंटे से भी ज्यादा चला।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाह के निर्वाचन पर ट्वीट कर बधाई दी और कहा है कि पार्टी उनके नेतत्व में नई उंचाइयों को छुएगी। अमित भाई में जमीनी स्तर पर कामकाज और समद्ध सांगठनिक अनुभव दोनों का समावेश हैं जिससे पार्टी को अत्यधिक लाभ मिलेगा। मोदी के करीबी शाह के कार्यकाल में भाजपा 11 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी। उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र और हरियाणा में पार्टी प्रमुख ताकत बनकर उभरी और दोनों राज्यों में पार्टी सत्ता में आई। पार्टी ने झारखंड में भी सरकार बनाई और और जम्मू कश्मीर में जीत दर्ज करते हुए गठबंधन सरकार बनाई। हालांकि दिल्ली और बिहार में पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

Back to Top

Search