Comments Off on शहीदों को नमन करने उमड़ा जन सैलाब 0

शहीदों को नमन करने उमड़ा जन सैलाब

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें

पठानकोट के वायुसेना ठिकाने पर हुए हमले के दौरान आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए जवानों को सोमवार को आखिरी विदाई देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जब लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन ई कुमार का पार्थिव शरीर पहुंचा तो सप्ताह का पहला दिन होने के बावजूद हजारों की संख्या में लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने आए। यही नजारा हरियाणा के अंबाला जिले में वायुसेना के शहीद जवान गुरसेवक की अंतिम विदाई में देखने को मिला।
आतंकी के शरीर से विस्फोटक को निष्क्रिय करने के दौरान हुए विस्फोट में शहीद हुए निरंजन का शव रविवार देर रात को ही बेंंगलुरु विमान से पहुंच चुका था। परिवार पार्थिव शरीर को उत्तरी बेंगलुरु स्थित घर ले आई। सुबह होते ही घर पर परिजनों, पड़ोसियों के अलावा तमाम लोगों का तांता लगने लगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को बीईएल ग्राउंड में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां पर हजारों की संख्या में लोग पहले से मौजूद थे। कई स्कूलों के बच्चे भी देश के इस सपूत को अंतिम विदाई देने को पहुंचे। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व केंद्रीय कानून मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने किया। कर्नाटक के अन्य कई गणमान्य लोग भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस मौके पर शहीद के पिता ईके शिवराजन ने कहा, उसे हमेशा सेना में दिलचस्पी थी। मुझे उसके बलिदान पर गर्व है। बहन ने कहा, मैं उन्हें अर्जुन की तरह देखती हूं, जो अपनी कर्मभूमि के लिए लड़े। बता दें कि उनका अंतिम संस्कार पैतृक निवास केरल के पलक्कड में किया जाएगा।
हरियाणा के अंबाला जिले के रहने वाले शहीद गुरसेवक का पार्थिव शरीर सोमवार की सुबह घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। लोगों के आंखों में आंसू थे। लेकिन इसी के साथ हर किसी की जुबान पर उनकी बहादुरी की चर्चा थी। पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले मां अमरीक कौर कई बार बेहोश हो गई। महज डेढ़ महीने शादी कर आई पत्नी जसप्रीत कौर बेहद गमगीन थी। शमसान घाट पर राजकीय सम्मान के बीच भाई हरदीप में मुखागिन दी। इस मौके पर पूरा कस्बा गुरसेवक के घर पर जमा होकर अपने सपूत को विदा कर रहा था। पिता सूच्चा सिंह ने कहा, मेरे बेटे ने देश की सेवा करते हुए जान दी। मुझे उस पर गर्व है। उसने अपना कर्तव्य निभाया। मेरा बड़ा बेटा भी सेना में है और देश की सेवा कर रहा है। मेरे छोटे बेटे ने अपने देश के लिए जान दे दी है। इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री अनिल विज और कैप्टन अभिमन्यु मौजूद थे।

Back to Top

Search