Comments Off on वजन कम करना है तो रखें कैलोरी का ध्यान 6

वजन कम करना है तो रखें कैलोरी का ध्यान

कैरियर, स्पेशल रिपोर्ट

कैलोरी ऊर्जा अथवा शक्ति को नापने की इकाई है। हम प्रतिदिन अनेक शारीरिक व मानसिक क्रियाएं करते हैं और इन सभी क्रियाओं में ऊर्जा खर्च होती है। यह ऊर्जा हमें भोजन से प्राप्त होती है। किसी भी काम के पूरा होने पर ऊर्जा गर्मी के रूप में बाहर निकल जाती है। यह गर्मी भी ऊर्जा का ही एक रूप होती है। यानी भोजन में उपस्थित ऊर्जा की गणना कैलरी में की जाती है।

सेहत के लिए कैलोरी का महत्व
स्वास्थ्य और सौन्दर्य का अटूट संबंध है। उत्तम स्वास्थ्य भोजन की संतुलित मात्रा तथा व्यायाम पर निर्भर करता है। इसी भोजन से कैलोरी मिलती है यानी सुडौल देह के लिए कैलरी पर ध्यान देना अति आवश्यक है।

वजन का सिद्घान्त
शरीर के भीतर पहुंचने वाली ऊर्जा की मात्रा तथा शरीर द्वारा खर्च होने वाली कैलोरी की मात्रा समान होने से वजन समान रहता है और किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं होता। यदि आप खर्च होने वाली ऊर्जा से अधिक ऊर्जा(कैलोरी) ग्रहण करते हैं तो निश्चित रूप से आपका वजन बढ़ेगा, क्योंकि यह अतिरिक्त ऊर्जा शरीर में चर्बी के रूप में इकट्ठी हो जाती है।

कैलोरी की आवश्यकता
विभिन्न आयु, लिंग, शारीरिक श्रम के अनुसार भिन्न-भिन्न मात्रा में कैलोरी की आवश्यकता होती है। आधारभूत शारीरिक क्रियाएं जैसे सांस लेना, चलना, खाना आदि क्रियाओं हेतु भी कैलोरी की आवश्यकता होती है। इन आधारभूत शारीरिक क्रियाओं के लिए आपको शरीर के वजन के हिसाब से लगभग प्रति किलो एक कैलोरी की आवश्यकता होती है। यदि आपका वजन 60 किलो है तो 24 घंटे में आपको आधारभूत क्रियाओं के लिए 1440 कैलोरी की आवश्यकता होगी।
इसके अतिरिक्त शरीर की अन्य क्रियाओं जैसे पढ़ना, खेलना, शारीरिक श्रम, ऑफिस कार्य हेतु अतिरिक्त कैलोरी की आवश्यकता होती है।
उम्र बढ़ने के साथ-साथ कैलोरी की आवश्यकता धीरे-धीरे कम होती जाती है, क्योंकि आधारभूत शारीरिक क्रियाओं में कमी होती जाती है। दूसरी ओर अन्य शारीरिक क्रियाओं में भी कमी होती जाती है। लगभग 55 किलो वजन की महिला की दैनिक कैलोरी आवश्यकता उम्र के अनुसार बदलती है।
16 से 18 वर्ष -2200
19 से 22 वर्ष-2025
23 से 50 वर्ष -1940
50 वर्ष से अधिक-1775
इसी तरह पुरुषों में प्रारम्भ में लगभग 2500 कैलोरी की आवश्यकता होती है।
पोषक तत्वों में कैलरी
एक ग्राम प्रोटीन में चार कैलरी ऊर्जा पाई जाती है, इसी प्रकार एक ग्राम कार्बोहाइड्रेट में इतनी ही अर्थात् चार कैलरी ऊर्जा होती है। एक ग्राम वसा या चर्बी वाले व तले हुए पदार्थों जैसे रबड़ी, मिठाई, कचौड़ी, समोसा, कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट आदि में कैलरी ऊर्जा बहुत अधिक होती है। अत: वजन बढ़ने से रोकने के लिए इनका कम सेवन करें।
कब चाहिए अधिक कैलोरी
अधिक शारीरिक श्रम जैसे मजदूरी करने वाले लोगों में अधिक कैलोरी की आवश्यकता होती है। गर्भावस्था में भी सामान्य से अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है।
कैसे घटता है वजन
उत्तम स्वास्थ्य व सौंदर्य के लिए संतुलित वजन का होना अत्यन्त आवश्यक है। देखा जाता है कि प्राय: वजन बढ़ तो आसानी से जाता है, परन्तु कम करना मुश्किल हो जाता है। यदि आपको कैलोरी के बारे में सही जानकारी है तो आप अनावश्यक वजन कम कर सकते हैं। यदि आप प्रतिदिन अपनी ऊर्जा आवश्यकता से 500 कैलरी कम लेते हैं तो लगभग 8 दिन में आपका वजन 1/2 किलोग्राम कम होगा।
परन्तु कैलोरी में कमी के साथ-साथ वजन घटाने के लिए उचित व्यायाम की भी आवश्यकता होती है।
कैलोरी व्यय
अब आप यह भी अवश्य जानना चाहेंगे कि किस कार्य में कितनी कैलोरी खर्च होती है।
पैदल चलना
चार मील प्रति घंटे की रफ्तार से चलने पर प्रति मिनट लगभग 5-6 कैलोरी व्यय होगी।
दौड़ना
सात मील प्रति घंटे की गति से दौड़ने पर लगभग 17-18 कैलोरी प्रति मिनट खर्च होती है।
तैरना
25 मीटर प्रति मिनट तैरने पर 9 से 10 कैलोरी खर्च होती है।
साइकिल चलाना
7 मील प्रति घंटे की गति से साइकिल चलाने पर एक मिनट में 7 कैलोरी व्यय होती है।

Back to Top

Search