Comments Off on ‘मानसून’ के केरल पहुंचते ही दिखने लगा असर, इन इलाकों में चक्रवाती तूफान के आसार 0

‘मानसून’ के केरल पहुंचते ही दिखने लगा असर, इन इलाकों में चक्रवाती तूफान के आसार

कृषि / पर्यावरण, ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार

भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून एक हफ्ते की देरी से आने के बावजूद अब लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे में यानी मंगलवार तक पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून के बेहतरीन हालात बन गए हैं।
सरकारी मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्वी और पूर्वी मध्य अरब सागर के अलावा लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान आने के हालात बन रहे हैं। इन इलाकों में हवा का निम्न दबाव है। यह दबाव आगे उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
अगले 48 घंटे में यह दबाव और बढ़ सकता है। मानसून मंगलवार तक समूची बंगाल की खाड़ी को भी घेर लेगा। इसलिए मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है, चूंकि वहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि केरल में मछुआरों को 52 दिनों के लिए समुद्र में 12 नाटिकल माइल से दूर जाने से रोका गया है। ताकि मछलियों के ब्रीडिंग सीजन में उन्हें कोई नुकसान न हो। इस आदेश को नहीं मानने वालों को 2.5 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा।
प्री-मानसून बारिश में वृद्धा की मौत
महाराष्ट्र के नासिक में आंधी के साथ आई प्री-मानसून बरसात ने एक व्यक्ति की जान ले ली और तीन अन्य घायल हो गए। नासिक शहर में कई स्थानों पर तेज आंधी के चलते पेड़ भी उखड़ कर गिर गए। लिहाजा, विभिन्न स्थानों पर शनिवार की शाम से ही पांच घंटे बिजली गुल रही। पुलिस के मुताबिक नासिक के वडाला में आंधी के दौरान एक टिन की छत गिरने से एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका के परिवार के तीन अन्य लोग घायल हो गए।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि येओला कस्बे में तेज प्री-मानसून बारिश के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अत्यधिक तेज बरसात के चलते निफाड़ तहसील में एक प्याज का गोदाम ढह गया। वहीं मनमाड में एक ग्रीन हाउस तहस-नहस हो गया।

Back to Top

Search