Comments Off on महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में, लवप्रीत सिंह के कांसे के बाद जूडो और बॉक्सिंग में पदक पक्का 2

महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में, लवप्रीत सिंह के कांसे के बाद जूडो और बॉक्सिंग में पदक पक्का

खेल

भारतीय दल बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2022 में बुधवार, 3 अगस्त, 2022 को छठवें दिन एक्शन में है। छठे दिन लवप्रीत सिंह ने भारत का खाता खोला। उन्होंने पुरुष भारोत्तोलन 109 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार पदक जीता है। लवप्रीत सिंह ने कुल 355 (स्नैच में 163 और क्लीन एंड जर्क में 192) किलोग्राम भार उठाया।
इसके अलावा महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने जूडो और बॉक्सिंग में पदक पक्का किया। छठवें दिन भारत का अभी पुरुष हॉकी में कनाडा, जबकि क्रिकेट में बारबाडोस से मुकाबला होना है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का लक्ष्य अपना लगातार दूसरा मुकाबला जीतना होगा। स्क्वाश में भी पुरुष एकल में सौरव घोषाल से कांस्य पदक की उम्मीद है। इसी खेल के मिक्स्ड डबल्स में भारत के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की संभावना है।
एथलेटिक्स में महिला गोला फेंक के फाइनल में मनप्रीत कौर से भी भारतीयों को उम्मीदें हैं। उनकी यह स्पर्धा भारतीय समयानुसार बुधवार देर रात 12.35 बजे शुरू होगी। इसके अलावा रात 11.30 बजे तेजस्विन शंकर पुरुष ऊंची कूद के फाइनल, जबकि बुधवार आधी रात के बाद यानी 1:15 बजे अनीश कुमार सुरेंद्रन पिल्लई, देवेंद्र गहलोत और देवेंद्र कुमार पुरुष चक्का फेंक के फाइनल में चुनौती पेश करेंगे।
लॉन बॉउल्स में भारत की लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया ने महिला पेयर्स में नीयू की हिना रेरेती और ओलिविया बकिंघम को 18-5 से हराया। भारतीय टीम का सामना अब दक्षिण अफ्रीका से होगा। लवली और चौबे दोनों उस महिला फोर टीम का भी हिस्सा थीं, जिसने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था।
लॉन बाउल्स के मेन्स सिंगल्स और वुमन्स फेयर में भारत की चुनौती जारी है। मेन्स सिंगल्स सेक्शन डी, राउंड 2 में मृदुल बोरगोहेन ने फॉकलैंड आइलैंड के जॉन लोके के खिलाफ 21-5 से जीत हासिल की। वहीं, वुमन्स पेयर में नियू के खिलाफ महिलाओं ने 18-6 से लीड बना ली है।
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय दल के लिए पांचवां दिन ऐतिहासिक रहा। महिला टीम ने लॉन बाउल्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। पुरुष टेबल टेनिस टीम ने सिंगापुर के खिलाफ फाइनल में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। विकास ठाकुर ने पुरुषों की 96 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। भारत ने फाइनल में मलेशिया से हारने के बाद बैडमिंटन में मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक के साथ दिन का अंत किया। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पांचवें दिन की स्पर्धाएं खत्म होने के बाद भारत की पदक तालिका में स्थिति छठे नंबर पर थी। उसने अब तक 5 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक जीते हैं। उससे ऊपर ऑस्ट्रेलिया (106 पदक), मेजबान इंग्लैंड (86 पदक), न्यूजीलैंड (26 पदक), कनाडा (46 पदक) और साउथ अफ्रीका (16 पदक) हैं।

Back to Top

Search