Comments Off on महाराष्ट्र में पीछे हटी बीजेपी तो राज्यपाल ने शिवसेना को दिया सरकार बनाने का न्योता 25

महाराष्ट्र में पीछे हटी बीजेपी तो राज्यपाल ने शिवसेना को दिया सरकार बनाने का न्योता

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें, मुम्बई

महाराष्ट्र के बीजेपी द्वारा सरकार बनाने से साफ इंकार किए जाने के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने आज महाराष्ट्र में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना के एकनाथ शिंदे से सरकार बनाने के लिए अपनी पार्टी की इच्छा और क्षमता का संकेत देने के लिए कहा। राज्यपाल ने जवाब देने के लिए पार्टी को सोमवार शाम 7:30 बजे तक का समय दिया है। इसके बाद से आदित्य ठाकरे और शिवसेना के अन्य नेता ठाकरे के घर मातोश्री पहुंचे हैं। इससे पहले आज ही, शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा था कि अगर उनके नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी का ही कोई व्यक्ति महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री बनेगा, तो किसी भी स्थिति में शिवसेना का सीएम होगा।
बताते चलें कि हाल ही में कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने ट्वीट करके कहा था कि कि महाराष्ट्र के राज्यपाल को एनसीपी-कांग्रेस को आमंत्रित करना चाहिए क्योंकि वह दूसरा सबसे बड़ा गठबंधन है। इसके ठीक बाद कांग्रेस के ही नेता संजय निरूपम ने कहा था कि- महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी सरकार केवल एक कल्पना है। अगर हम उस कल्पना को वास्तविकता में बदलना चाहते हैं, तो शिवसेना के समर्थन के बिना यह संभव नहीं होगा और यदि हम शिवसेना का समर्थन लेते हैं, तो यह कांग्रेस के लिए घातक होगा।
बता दें कि भाजपा ने भी साफ कर दिया कि महाराष्ट्र में पार्टी सरकार नहीं बनाएगी। महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने आज राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन पर भरोसा जताते हुए जनादेश दिया है। लेकिन शिवसेना ने महाराष्ट्र की जनता के दिए जनादेश का अनादर किया है। हम अकेले सरकार नहीं बना सकते। शनिवार को राज्यपाल ने भाजपा को राज्य में सबसे बड़े दल के रूप में सरकार बनाने का दावा पेश करने का न्योता दिया था।

Back to Top

Search