Comments Off on मधुबनी के हरलाखी विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए मतदान शनिवार को 4

मधुबनी के हरलाखी विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए मतदान शनिवार को

चुनाव, बिहार, विधान सभा

मधुबनी के हरलाखी विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए शनिवार को मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इस चुनाव में कुल दो लाख 58 हजार 441 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 लाख 35 हजार 569 पुरूष एवं 1 लाख 22 हजार 794 महिला एवं आठ अन्य मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। 70 सर्विस वोटर भी मतदान करेंगे।हरलाखी विधानसभा उप चुनाव को लेकर कुल नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 8 पुरुष व एक महिला प्रत्याशी शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के अनुसार 242 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने चुनाव को लेकर एक सामान्य प्रेक्षक एवं एक व्यय प्रेक्षक की तैनाती की है।
मतदान के लिए 242 सेंट्रल यूनिट एवं 242 बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। स्वच्छ एवं शांति पूर्ण मतदान को लेकर 719 व्यक्तियों से बांड भरवाया गया है व 388 गैर जमानतीय वारंटों का तामिला कराया गया है। 12 उपद्रवी टोलों की पहचान की गयी है।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विधानसभा उप चुनाव को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप चुनाव को लेकर 228 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। 21 माइक्रो प्रेक्षक, 1474 मतदानकर्मियों, 1434 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है। 50 बूथों से लाइव वेबकॉस्टिंग भी होगी। 10 मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग की जाएगी। वहीं 10 वीडियो कैमरे व 228 एंड्रायड मोबाइल फोन से मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।

Back to Top

Search