Comments Off on बीच में ही सवाल पूछे जाने पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री 3

बीच में ही सवाल पूछे जाने पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, बिहार

स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा कि दो माह के अंदर अस्पतालों में महिला डॉक्टरों की तैनाती कर दी जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग से महिला डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए उनकी सूची विभाग को प्राप्त हो चुकी है।वहीं, सात हजार एएनएम की नियुक्ति का प्रस्ताव कर्मचारी चयन आयोग को भेजा गया है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इनकी तैनाती की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
स्वीटी सीमा हेम्ब्रम के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि बांका स्थित रेफरल अस्पतालों में दो माह के अंदर महिला डॉक्टरों की तैनाती कर दी जाएगी। इस पर भाजपा के नंदकिशोर यादव द्वारा पूरक प्रश्न पूछने पर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि 1900 डॉक्टरों की सूची नियुक्ति के लिए आ गई है, फिर भी भाजपा डिप्रेशन में है। कुंती देवी के प्रश्न पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गया स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में तैनात डॉक्टरों द्वारा ड्यूटी में लापरवाही करने की जांच क्षेत्रीय अपर निदेशक को कराने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई होगी।
यमुना प्रसाद अस्पताल भवन जल्द पूरा होगा : नंदकिशोर यादव के प्रश्न पर कहा कि पटना सिटी स्थित यमुना प्रसाद अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तीन माह में पूरा कर चिकित्सा सुविधा बहाल कर दी जाएगी। गायत्री देवी के प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रथम चरण में मरीजों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन संजीवनी के माध्यम से कराया जा रहा है। दूसरे चरण में उसी रजिस्ट्रेशन पर इलाज की सुविधा दी जा रही है। अगर यह बंद है तो इसकी जांच की जाएगी। महेश्वर प्रसाद यादव के प्रश्न पर कहा कि एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में बेड की सुविधा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव विधानसभा में पूरक प्रश्न पूछने पर भड़क गए। वीरेंद्र कुमार सिंह के पूरक प्रश्न का उत्तर देने के लिए जैसे ही स्वास्थ्य मंत्री खड़े हुए भाजपा के विजय कुमार सिन्हा ने एक और पूरक पूछना चाहा। इस पर मंत्री ने कहा कि आप बीच में कैसे प्रश्न पूछने लगे।भाजपा के नंदकिशोर यादव ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को यह जानकारी होनी चाहिए कि कोई भी प्रश्न सदन में आने के बाद वह सदन की संपत्ति हो जाता है। उस पर कोई भी सदस्य पूरक प्रश्न कर सकते हंै। इस पर विस अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा,यह सही है कि पूरक प्रश्न कोई भी सदस्य पूछ सकते हैं। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मंत्री का बचाव करते हुए कहा कि अध्यक्ष महोदय की अनुमति के बाद ही कोई सदस्य पूरक प्रश्न कर सकते हैं।
दरअसल, वीरेंद्र प्रसाद सिंह ने औरंगाबाद के नवीनगर प्रखंड के ग्राम पंचायत तोल, ढेंगो, पीपरा, मझियावां में अस्पताल की सुविधा नहीं होने को लेकर प्रश्न पूछा था। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पीपरा में स्वास्थ्य केंद्र व स्वास्थ्य उप केंद्र है। वीरेंद्र कुमार ने कहा-पीपरा में कोई अस्पताल नहीं है। अधिकारी गलत सूचना दे रहे हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि वे इसकी जांच करा स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल कराएंगे। इसके बाद मामला शांत हुआ।

Back to Top

Search