Comments Off on बिहार के इंजन को बदलने की जरूरत-नितिन गडकरी 0

बिहार के इंजन को बदलने की जरूरत-नितिन गडकरी

चुनाव, विधान सभा

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार के इंजन को बदलने की जरूरत है। इंजन के बदलते ही बिहार में विकास की रफ्तार तेज हो जाएगी। हम विकास की राजनीति करते हैं। लालू प्रसाद और नीतीश कुमार आमजनों में साम्प्रदायिकता का भय पैदा करना चाहते हैं। उनके मंसूबे को कामयाब नहीं होने देना है। भय, भूख व आतंक से लोगों को हम मुक्त कराना चाहते हैं। गडकरी ने ये बातें मंगलवार को दिनारा विधानसभा क्षेत्र के दावथ व नोखा विधानसभा क्षेत्र के राजपुर हाईस्कूल मैदान में चुनावी सभा में कही।उन्होंने कहा कि अब बिहार को बीमारू प्रदेश नहीं रहने देंगे। बिहार के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस के साथ-साथ लालू प्रसाद और नीतीश कुमार जिम्मेवार हैं। उन्होंने दिनारा से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह व नोखा से रामेश्वर प्रसाद को विजयी बनाकर सदन में भेजने की अपील की।
भाजपा नेता ने कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार अगड़ा-पिछड़ा के बहाने समाज को बांटकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यह और बात है कि उनका यह मंसूबा पूरा नहीं होगा। भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है। यह कार्यकर्ताओं का दल है।
रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए बहुत कुछ करना चाहती है। हरियाणा व गुजरात की तरह बिहार को विकसित करने के लिए निकम्मी सरकार को हटाकर भाजपा गठबंधन की सरकार बनानी जरूरी है। सांसद अरुण कुमार सिंह ने कहा कि लंबे अर्से तक संघर्ष करने के बाद बिहार से जंगलराज हटा, लेकिन नीतीश कुमार ने उसी गलत शक्ति से गठजोड़ कर लिया।
सभा को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह, प्रत्याशी रामेश्वर प्रसाद, विजय पांडेय, संतोष चौधरी, संपत तिवारी, जितेन्द्र सिंह व अभय सिंह ने भी संबोधित किया। राजपुर में सभा की अध्यक्षता रवि कुमार गांधी व संचालन कुंदन कुमार सिंह तथा दिनारा में अध्यक्षता लक्ष्मण पासवान व संचालन राजेश कुशवाहा ने किया।

Back to Top

Search