Comments Off on पूर्वोत्तर में भूकंप का झटका, 9 लोगों की मौत 1

पूर्वोत्तर में भूकंप का झटका, 9 लोगों की मौत

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें

देश के पूर्वोत्तर और पूर्वी क्षेत्र में सोमवार को 6.7 की तीव्रता के भूकंप का तगड़ा झटका महसूस किया गया। इसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक घायल हो गए।सुबह 4.35 बजे आए भूकंप का केंद्र मणिपुर के तमेंगलोंग जिले में 17 किलोमीटर की गहराई पर था। सेना और वायुसेना के जवान राहत कार्य में मदद कर रहे हैं जबकि एनडीआरएफ की टीमों को इंफाल भेजा गया है।मणिपुर के पश्चिम इंफाल जिले में 11 वर्षीय एक लड़की सहित सात लोगों की मौत हो गई। वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।भूकंप के झटके मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा के अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी महसूस किए गए।मेघालय के क्षेत्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत के अलावा म्यांमार, बांग्लादेश और भूटान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने स्थिति की समीक्षा के लिए मंत्रिमंडल बैठक बुलाई है। आपदा प्रबंधन के समन्वयक सरत दास ने बताया कि मणिपुर में भूकंप से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 90 से अधिक घायल हो गए।कैबिनेट सचिव पी.के. सिन्हा ने बताया कि इंफाल में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। इंफाल में बाजार परिसर सहित कई इमारतों और सड़कों में भूकंप की वजह से दरारें आ गईं और स्कूल की कुछ इमारतों की दीवारें गिर गईं। गुवाहाटी और असम के अन्य इलाकों में भूकंप के कारण करीब 20 लोग घायल हुए हैं जबकि कम से कम 30 इमारतों में दरारें आई हैं।
किशनगंज। भूकंप के कारण बिहार के किशनगंज जिले में एक व्यक्ति की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय हरिशंकर साह के रूप में हुई है। साह कएआमानी पंचायत के गरबन दंगा गांव के रहने वाले थे।
मणिपुर के प्रभावित इलाकों में सेना और वायु सेना ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। वायु सेना का एक एएन32 विमान एनडीआरएफ के 75 जवानों को लेकर गुवाहाटी से इंफाल गया। जरूरत पड़ने पर हिंडन एयर बेस पर एक सी17 ग्लोबमास्टर और आईएल76 विमान को तैयार रखा गया है। अफसरों ने बताया कि मणिपुर में सेना की यूनिटों ने घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता मुहैया कराना शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने फिलहाल असम में मौजूद गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की और उन्हें भूकंप के कारण उत्पन्न स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा है। साथ ही प्रधानमंत्री ने मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह तथा क्षेत्र के अन्य मुख्यमंत्रियों से भी बात कर स्थिति का जायजा लिया। राजनाथ सिंह ने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में भूकंप आने के बाद गृह मंत्रालय स्थिति पर सतत नजर रखे हुए है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शक्तिशाली भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख जताया और क्षेत्र के अपनी पार्टी के मुख्यमंत्रियों से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान सुनिश्चित करने को कहा है।
मिजोरम की राजधानी एजल में भूकंप महसूस करने पर लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अपने घरों से बाहर निकल भागे। एजल के निवासी लालचुएलोवा ने बताया कि बीते 50 साल में उन्होंने पहली बार इतना तेज भूकंप महसूस किया।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के दौरान मिजोरम में सुरक्षित जगह जाने के प्रयास में 14 साल का एक लड़का घायल हो गया। नगालैंड में भी झटके महसूस किए गए। लेकिन कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। कछार जिले के अतिरिक्त उपायुक्त का सरकारी आवास मणिपुर में तमेंगलोंग जिले के पास है जो क्षतिग्रस्त हो गया है।
पूर्वोत्तर के सभी राज्य देश के भूगर्भीय नक्शे में जोन पांच के तहत आते हैं, जो कि भूकंप के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। क्षेत्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह भूकंप हालिया वर्षों में आए सर्वाधिक तीव्र भूकंपों में से एक था जिसे पूरे पूवार्ेत्तर में महसूस किया गया। राष्ट्रीय आपदा प्राधिकरण ने पूर्वोत्तर के सभी राज्यों मणिपुर, असम, त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय, सिक्किम और नगालैंड तथा पश्चिम बंगाल में नियंत्रण कक्ष तथा राहत आयुक्तों से बात की है।

Back to Top

Search