Comments Off on दशहरा रैली में भागवत ने की मोदी सरकार की तारीफ 1

दशहरा रैली में भागवत ने की मोदी सरकार की तारीफ

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, दिल्ली

दादरी जैसी घटनाओं पर देश में नाराजगी के माहौल के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को कहा कि छोटी छोटी घटनाएं हिंदू संस्कति को नुकसान नहीं पहुंचा सकती हैं। उन्होंने साथ ही देश में उम्मीद और विश्वास का माहौल पैदा करने तथा विदेश में भारत की प्रतिष्ठा मजबूत करने के लिए मोदी सरकार की सराहना की।
नागपुर में संघ के मुख्यालय में दशहरा पर्व पर अपने वार्षिक संबोधन में भागवत ने आरक्षण व्यवस्था के संदर्भ में गरीब वर्गों के पेशतर सामाजिक और आर्थिक असमानता दूर करने के मकसद से संविधान में किए गए प्रावधानों के लिए दलित महानायक बी आर अम्बेडकर की सराहना की। और कहा कि अंबेडकर में शंकराचार्य और महात्मा बुद्घ के गुण थे। आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा संबंधी उनके हालिया सुक्षाव ने बिहार चुनाव में भाजपा को मुश्किल स्थिति में डाल दिया था।उनके 55 मिनट के भाषण का दूरदर्शन ने लगातार दूसरे साल सीधा प्रसारण किया, जिसमें उन्होंने जनसंख्या पर एक संपूर्णता में विचार विमर्श का आहवान किया और कहा कि इसका लगातार बढ़ते जाना एक बोझ बन गया है। भागवत ने कहा कि छोटी छोटी घटनाएं होती हैं। उन्हें बढ़ा चढ़ाकर पेश किया जाता है। छोटी छोटी घटनाएं होती रहती हैं लेकिन ये भारतीय संस्कृति, हिंदू संस्कृति को विकृत नहीं करती। प्राचीन काल से यह विभिन्नता का सम्मान करती है, एकता स्थापित करने के लिए भिन्नताओं के बीच समन्वय करती है। यह हिंदूत्व है।
उन्होंने कहा, हमारा देश एकजुट रहा है और एकजुट रहेगा। संघ पिछले 90 साल से देश को हिंदुत्व के आधार पर एकजुट रखने के लिए काम करता आ रहा है। भागवत ने हालांकि सांप्रदायिक और जातीय तनाव की हालिया घटनाओं का सीधा जिक्र नहीं किया।
दशहरा रैली को संबोधित करते हुए आरएसएस प्रमुख ने कहा कि कि भारत को दुनिया का सिरमौर बनाना है। पूरी दुनिया को नेतृत्व देने वाला देश बनाना है। अब देश में विश्वास का माहौल बन रहा है। विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है। योग और गीता की दुनिया में चर्चा हो रही है।उन्होंने कहा कि भारत दूसरे देशों का मदद कर रहा है और विपदा की घड़ी में दूसरे देशों को भी मदद कर रहा है। साथ ही अपनी रक्षा भी कर रहा है। अपने हितों की रक्षा के साथ साथ दूसरे के हितों की भी रक्षा को देखना होगा।उन्होंने देश में फैल रही सांप्रदायिकता पर कहा कि संपूर्ण समाज को एक दूसरे का संबल बनना होगा और सभी धर्मों को आपस में आत्मीयता बनाए रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की ओर देख रही है। विकसित भारत के लिए अपने लोगों को मानसिक दासता से मुक्त होना होगा। नेताओं को, प्रशासन को, सबको उसके बारे में सोचना होगा। सबको मिलकर काम करना होगा। अपने जड़ों से जुडे़ रहना होगा। एकता बनाए रखने के साथ गुणवत्ता बनाए रखनी होगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ नीति बनाने से काम नहीं चलेगा, नीति बनाने वालों को उसकी जमीनी हकीकत जाननी होगी। सभी के साथ संवाद कायम करना होगा।नागपुर में आरएसएस की दशहरा रैली में डीआरडीओ के पूर्व प्रमुख विजय कुमार सारस्वत मुख्य अतिथि थे। संघ के इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए। गडकरी और फडणवीस खाकी पैंट और काली टोपी में मंच पर उपस्थित थे।
पिछले साल दशहरा रैली पर संघ प्रमुख भागवत के भाषण का दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण होने पर विवाद हो गया था। कांग्रेस समेत अन्य दलों ने इस पर आपत्ति जताई थी।

Back to Top

Search