Comments Off on झुलस रहा है चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं में पूरा उत्तर भारत 7

झुलस रहा है चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं में पूरा उत्तर भारत

कृषि / पर्यावरण, ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, दिल्ली, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें

समूचे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है। पारा लगातार नए आंकड़े पर पहुंच रहा है। रविवार को दिल्ली के पालम स्टेशन पर पारे ने 62 साल के रिकार्ड को तोड़ दिया जो 47.8 रिकार्ड किया गया। इससे पहले दिल्ली में 16 जून, 1995 को 47.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। सोमवार को भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की आशंका है। इसके साथ ही अधिकांश स्थानों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं में पूरा उत्तर भारत झुलस रहा है। रविवार को गर्म हवाओं ने अलग-अलग जिलों में 17 लोगों की जान ले ली है। जिसमें वाराणसी की तीन पर्यटक महिलाएं भी शामिल हैं, इसके अलावा एक व्यक्ति की मौत ग्रामीण अंचल में हुई है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर तीन यात्री अचानक गश खाकर गिर पड़े। जब तक डाक्टर पहुंचे उनकी सांसें थम चुकी थी।
भीषण गर्मी से पूर्वाचल में सात लोगों की मौत हो गई। इलाहाबाद में 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बस्ती में देर शाम अंधड़ आया, जिससे हर तरफ धूल उड़ने लगी। सेंट्रल यूपी के औरैया का पारा 49 और फतेहपुर समेत कई जिलों का पारा 48 डिग्री तक पहुंच गया। इस भीषण गर्मी से कानपुर में पांच, बुंदेलखंड के महोबा में दो और हमीरपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। फीरोजाबाद और मैनपुरी में पारा 48-48 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा में पिछले 24 घंटे में गर्मी से दो लोगों की मौत हुई है।
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा जो विगत एक दशक में आज की तिथि दूसरी बार हुआ है।
पंजाब में रविवार को बठिंडा में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। राज्य के अधिकांश जिलों में पारा 47 तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के चलने की संभावना है।
हरियाणा में हिसार सबसे गर्म रहा जहां पारा 46.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान सर्वाधिक 48.6 रिकार्ड किया गया। यहां की राजधानी जयपुर में गर्मी ने पिछले 33 वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया है। हिमाचल प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दस साल में यहां कभी इतना तापमान नहीं रहा है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो विगत 12 वर्षो में सर्वाधिक रहा।
मौजूदा गर्मियों के दौरान रविवार कश्मीर में अब तक का सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा है। जम्मू में अगले चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान के 44 डिग्री के पार होने के आसार हैं। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 43.3 रिकार्ड किया गया।
इस बीच झारखंड में मौसम का मिजाज अलग रहा। पूर्वी सिंहभूमि के जादूगोड़ा व घाटशिला में शनिवार की देर शाम व रामगढ़ जिले में रविवार की दोपहर आई आंधी व बारिश से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। आंधी से दर्जनों विद्युत पोल उखड़ गए। कुछ स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ लोगों के घरों पर भी गिर पड़े, हालांकि इससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भले ही आग बरस रही हो, लेकिन पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर रविवार का दिन राहत देने वाला रहा। दूसरी ओर मौसम बिगड़ने के कारण केदारनाथ की यात्रा दोपहर बाद रोक दी गई। आसमान साफ रहा तो सोमवार को यात्रा दोबारा शुरू होगी।

Back to Top

Search