Comments Off on चुनाव प्रचार में मोदी -शाह ने नापा पूरा देश, जानें कितनी जनसभाओं को किया संबोधित 1

चुनाव प्रचार में मोदी -शाह ने नापा पूरा देश, जानें कितनी जनसभाओं को किया संबोधित

चुनाव, ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, दिल्ली, प्रमुख ख़बरें, बड़ी ख़बरें, लोक सभा

17वीं लोकसभा का चुनाव प्रचार अभियान भाजपा के लिए अभी तक के सभी अभियानों से सबसे बड़ा और सघन है। इस दौरान पार्टी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-तन तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
अमित शाह के अनुसार चुनाव की घोषणा के बाद 28 मार्च को मेरठ में पहली और 17 मई को मध्यप्रदेश के खरगौन में अंतिम सभा के साथ प्रधानमंत्री ने कुल 142 जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं अमित शाह ने कुल 161 जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने चार और शाह ने आठ रोडशो किया। चुनाव प्रचार के लिए मोदी ने एक लाख पांच हजार किलोमीटर की हवाईयात्रा की तो अमित शाह ने एक लाख 58 हजार किलोमीटर की हवाईयात्रा की। यही नहीं, भाजपा के दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने भी पूरी ताकत झोंकी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 135, राजनाथ सिंह ने 129, नितिन गडकरी ने 56 और शिवराज सिंह चौहान ने 160 जनसभाएं की। वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं ने कुल मिलाकर पूरे देश में 1500 से अधिक जनसभाएं की।
बात सिर्फ बड़े जनसभाओं तक सीमित नहीं रही। भाजपा ने आम जनता तक पहुंचने के लिए 161 कॉल सेंटर भी खोला। इनके सहारे केंद्रीय योजनाओं के 24.81 करोड़ लाभार्थियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित किया गया। इसके साथ ही 10 करोड़ से अधिक एसएमएस भी भेजे गए। अमित शाह ने बताया कि आम जनता के बीच मैं भी चौकीदार, फिर एक बार मोदी सरकार, मोदी है तो मुमकिन है, जैसे 14 तरह का प्रचार अभियान चलाया।
अमित शाह के अनुसार भाजपा ने काफी पहले से लोकसभा चुनाव की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया था। इसके तहत 120 ऐसी सीटों की पहचान की गई थी, जिनपर भाजपा को कभी जीत हासिल नहीं हुई थी। इनमें से 80 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। जबकि 40 सीटों पर सहयोगी पार्टियां लड़ रही है। शाह ने दावा किया जिन 80 सीटों पर भाजपा लड़ रही है, उनमें इस बार बड़ी सफलता मिलेगी।
अमित शाह ने पिछली बार से अधिक बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि मोदी सरकार की कार्यक्रमों के कारण गरीब, किसान, आदिवासी, महिला, शहरी, ग्रामीण सभी वर्गो का भाजपा को भरपूर समर्थन मिला। उनके अनुसार पिछले पांच साल में मोदी सरकार 133 योजनाओं का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों तक पहुंचाने में सफल रही और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई।
इन लाभार्थियों तक पहुंचने में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति काम आई। उनके अनुसार पूरे देश में 10 लाख 35 हजार बूथ में से 8 लाख 65 हजार बूथों पर भाजपा का संगठन मौजूद है। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत खुद प्रधानमंत्री नमो एप के सहारे सभी बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क किया। यही नहीं, 22 लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए पार्टी ने उनके घर के एक दिन एक साथ कमल ज्योति जलाने का कार्यक्रम चलाया। चुनाव के ऐलान के पहले ही देश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बाइक रैली निकालकर भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया।
चुनाव अभियान के दौरान भाजपा और उसके नेताओं का पूरा जोर जनसंपर्क पर रहा। अमित शाह ने बताया कि रैलियों के दौरान भी प्रधानमंत्री मंच के पीछे केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से मिलते रहे और उनके फीडबैक लेते रहे। इसके साथ ही मंच के नीचे कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाने का भी काम किया।

Back to Top

Search