Comments Off on ऑफिस में होगी हरियाली तो स्वस्थ्य रहेंगे कर्मचारी 10

ऑफिस में होगी हरियाली तो स्वस्थ्य रहेंगे कर्मचारी

कृषि / पर्यावरण, प्रमुख ख़बरें, स्पेशल रिपोर्ट

ऑफिस में हरियाली हो तो कर्मचारियों के काम करने की रफ्तार और उनकी उत्पादकता बढ़ जाती है। कार्डिफ यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अपने हालिया शोध में यह दावा किया है। शोध रिपोर्ट के अनुसार दफ्तर की हरियाली कर्मचारियों की उत्पादकता में 15 फीसदी तक का इजाफा कर सकती है।
इसे जांचने के लिए शोधकर्ताओं ने तीन महीने तक होलैंड और ब्रिटेन की दो बड़ी संस्थानों का अध्ययन किया। दोनों संस्थानों में पर्याप्त मात्रा में पौधे रखे गए। तीन महीने के बाद पाया गया कि कर्मचारी अपने काम से ज्यादा संतुष्ट हैं और वे पहले के मुकाबले ज्यादा केंद्रित होकर ऑफिस का काम कर पाते हैं। इसके अलावा ऑफिस में पौधों का एक और लाभ यह है कि वे ऑफिस के अंदर प्रदूषण, धूल और कीटाणुओं को काफी हद तक सोख लेते हैं। जिससे ऑफिस का वातावरण साफ और सेहतमंद हो जाता है। इसका सीधा असर कर्मचारियों की सेहत पर होता है। शोधकर्ताओं के अनुसार पौधे लगाने के बाद कर्मियों के बीमार होने की आवृत्ति में भी गिरावट देखी गई। ऑफिस आने वाले कर्मचारियों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया।
यूनिवर्सिटी के प्रमुख शोधकर्ता मार्लोन नियूवेंहूस ने बताया कि ऑफिस में पौधे न केवल कर्मियों की उत्पादकता में वृद्धि करते हैं , बल्कि ऑफिस का वातावरण भी सुधारते हैं। माहौल बदल जाता है। यहां तक कि कर्मचारियों के काम को देखने का अंदाज भी बदल जाता है। दफ्तर आने वाले कर्मचारी उत्साहित रहते हैं और दफ्तर में उनकी उपलब्धता बढ़ जाती है। उनकी जिंदगी में सुधार आता है और यही वजह है कि वे अपना बेहतर प्रदर्शन दे पाते हैं।

Back to Top

Search