Comments Off on आज हमारे देश के सामने आंतरिक और बाहरी चुनौतियां-सरयू राय 1

आज हमारे देश के सामने आंतरिक और बाहरी चुनौतियां-सरयू राय

झारखंड, ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार

संसदीय कार्य एवं खाद्य मंत्री सरयू राय ने कहा कि आज हमारे देश के सामने आंतरिक और बाहरी चुनौतियां हैं। जमशेदपुर भी अंतरराष्ट्रीय आंतकवाद के नजरिये से अत्यंत संवेदनशील हो चुका है।वे मंगलवार को गणतंत्र दिवस पर गोपाल मैदान में आयोजित समारोह में राष्ट्रध्वज फहराने और परेड की सलामी लेने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर विभाजनकारी ताकतों और आतंकवादी समूहों के निशाने पर है।मगर यहां की जनता, पुलिस और प्रशासन ऐसी ताकतों का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भारत विश्वशक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है। यही कारण है कि अब दुनिया की बड़ी ताकतें भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रही हैं। आतंकवाद से लड़ने में मदद कर रही हैं।
विकास समावेशी की वकालत : राय ने कहा की संविधान में सबको बराबर का दर्जा दिया गया है, लेकिन आज आर्थिक असमानता बढ़ रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. लोहिया के समाजवादी ढांचे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूंजी का केंद्रीकरण हो रहा है।दुनिया की आधी संपत्ति मात्र 62 लोगों के हाथ सिमट गई है। इसलिए सिर्फ विकास ही पर्याप्त नहीं है। विकास समावेशी होना चाहिए। समावेशन भी न्यायपूर्ण होना चाहिए।
काम करने की सीख : बातें कम और काम ज्यादा का मंत्र याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ बातों से साख घटती है। काम खुद बोलता है। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों को संविधान के अनुसार आचरण करने की सलाह देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के आचरण से देश की साख घटती है तो संविधान को धक्का लगता है।
जिलों में बने योजनाएं : उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकार को सुझाव दिया है कि बजट की राशि सीधे जिलों को भेजी जाए क्योंकि हर जिले की जरूरतें भिन्न हो सकती हैं। राशि को जिलों में भेजने से वहां की आवश्यकता के अनुसार योजना बनाई और राशि खर्च की जा सकेगी।
निकली झांकी : मौके पर परेड में विभिन्न संस्थाओं की तरफ से झांकी निकाली गई, डिसमें सिविल डिफेंस, रेडक्रास सोसाइटी, ग्रामीण विकास विभाग तथा विभिन्न शिक्षण संस्थान तथा स्कूली बच्चों ने झांकी और परेड में हिस्सा लिया।

Back to Top

Search