Comments Off on अयोध्या में अवश्य बनेगा श्रीराम मंदिर : भागवत 2

अयोध्या में अवश्य बनेगा श्रीराम मंदिर : भागवत

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, बिहार

हरिहर क्षेत्र सोनपुर के गजेंद्र मोक्ष देवस्थानम मंदिर पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डॉ.मोहन भागवत ने देवस्थानम के पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी लक्ष्मणाचार्य से कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर अवश्य बनेगा। इसके लिए हम सभी कृतसंकल्प हैं। वह रामानुज संप्रदाय के प्रख्यात संत श्रीलक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी का भी आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। डॉ.भागवत शाम को एक अन्य संत स्वामी प्रपन्नाचार्य से भी मिले।
संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश पांडेय के मुताबिक तीन दिन के प्रवास के बाद संघ प्रमुख शुक्रवार को दिल्ली लौट जाएंगे। संघ प्रमुख गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच देवस्थानम पहुंचे। जहां छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने उनका स्वागत किया। वहीं,देवस्थानम की ओर से पीठाधीश्वर स्वामी लक्ष्मणाचार्य ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। भागवत मंदिर में करीब ढाई घंटे तक रहे लेकिन मीडिया से कोई बात नहीं की। मंदिर परिसर के ही एक कमरे में उन्होंने संघ के कुछ चुने हुए स्वयंसेवकों के साथ विमर्श किया।
भागवत के मंदिर पहुंचने के करीब एक घंटे के बाद जीयर स्वामी देवस्थानम पहुंचे। जीयर स्वामी बनारस से सीधे देवस्थानम आए थे। जीयर स्वामी आशीर्वाद लेने के बाद दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। हालांकि बातचीत किस बारे में हुई इस बारे में मीडिया को जानकारी नहीं दी गई। संघ प्रमुख डॉ.भागवत सोनपुर से दोपहर बाद पटना लौट आए। इसके बाद शाम को वे नवल प्रसाद सिंह के आवास पर स्वामी प्रपन्नाचार्य से मिले। प्रपन्नाचार्य नवल बाबू के यहां ही ठहरे हुए हैं।

Back to Top

Search