Comments Off on अपराध व अपराधियों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है-तेजस्वी प्रसाद यादव 0

अपराध व अपराधियों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है-तेजस्वी प्रसाद यादव

ताज़ा ख़बर, ताज़ा समाचार, बिहार

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार में सुशासन व कानून का राज है। सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो। कानून निष्पक्ष होकर अपना काम कर रहा है। कानून के लिए आम व खास दोनों बराबर हैं। अपराध व अपराधियों के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है, जिससे विपक्ष घबरा गया है। जनता ने चुनाव में जिन बातों को खारिज कर दिया था विपक्ष उसे दोहरा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के साथ भेदभाव कर रही है। महागठबंधन की सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। राज्य का चौमुखी विकास हो रहा है। विकास में गुणवत्ता बढ़े इसके लिए वे प्रयासरत हैं। श्री यादव शनिवार को मुख्यमंत्री नगर विकास योजना, मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना की पटना जिला स्तरीय संचालन समिति एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। उनकी बातों को ध्यान से सुनें और उसका समाधान करें।
राशि का सही ढंग से उपयोग हो : कहा कि मुख्यमंत्री नगर विकास योजना व मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना की राशि का सही ढंग से उपयोग हो। सभी जनप्रतिनिधि योजना की सूची जिलाधिकारी को शीघ्र सौंप दें। शहर के सौंदर्यीकरण व विकास के लिए पर्याप्त राशि का सही ढंग से उपयोग समय सीमा के अंदर किया जाना चाहिए।
पटना जिला के प्रभारी मंत्री के रूप में उनकी यह पहली बैठक थी। उन्होंने सभी जन प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों से पेयजल योजना, स्वच्छता अभियान व शौचालय निर्माण की भी जानकारी ली। कहा कि विकास मिशन की स्थापना की गई है और सरकार सात निश्चयों को पूरा करने में जुटी है।
पटना को देश का सुंदर शहर बनाना है। इसमें अधिकारी व जनप्रतिनिधि सहयोग करें। पटना नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल से संबंधित सवाल पर कहा कि निमकर्मियों की हड़ताल शीघ्र समाप्त हो जाएगी।

Back to Top

Search